नागपुर:जेडी कॉलेज ऑफ इंजिनियरिंग एंड मैनेजमेंट, नागपुर के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) की ओर से डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ऑडिटोरियम में सीईओ सीरीज 2026 (सीजन-2, एपिसोड-1) के अंतर्गत ‘लीडरशिप टॉक और स्टूडेंट इंटरैक्शन’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र का उद्देश्य छात्रों को उद्योग जगत के अनुभवी नेताओं से सीधे जोड़कर उन्हें कॉर्पोरेट दुनिया की वास्तविकताओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) यूरोप के मुख्य तकनीकी वास्तुविशारद अभिजीत अनंत महांकाल के औपचारिक स्वागत और सम्मान से हुई। इस अवसर पर आईक्यूएसी डीन डॉ. उज्ज्वला डांगे, डिप्टी डीन (अकादमिक्स) डॉ. अमित वेलेकर, टीपीओ प्रभारी डॉ. हेमंत बैतुले तथा मैनेजमेंट स्टडीज विभाग की एचओडी डॉ. परवीन शेख उपस्थित थीं।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में अभिजीत महांकाल ने नेतृत्व की मानसिकता, उद्योग जगत की अपेक्षाएं, करियर नियोजन और शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को बदलते तकनीकी दौर में अनुकूलता, अनुशासन और निरंतर सीखने की मानसिकता विकसित करने की सलाह दी।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संवादात्मक सवाल – जवाब सत्र रहा, जिसमें छात्रों ने करियर विकास, स्टार्टअप संस्कृति, तकनीकी कौशल और उद्यमिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। इस सत्र ने छात्रों को उद्योग विशेषज्ञ से सीधे संवाद करने और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।
इस कार्यक्रम का सफल संचालन पब्लिसिटी क्लब और नेक्सस क्लब ऑफ स्टूडेंट रिप्रेजेंटेटिव काउंसिल (एसआरसी) ने किया। आयोजन में प्रा. तुबा खान और प्रा. यामिनी द्विवेदी ने फेकल्टी कोऑर्डिनेटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रगान के जरिए समारोह का समापन किया गया। यह सत्र छात्रों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ और उन्हें भविष्य के नेतृत्व कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।









