अयोध्या। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राम जन्मभूमि पर भूमि पूजन, प्राण प्रतिष्ठा, राम दरबार का उद्घाटन और धर्म ध्वज फहराना- ये सभी हमारे इतिहास के स्वर्णिम क्षण हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचीं और यहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अयोध्या में राम मंदिर में 150 किलोग्राम सोने से जड़ित श्री राम यंत्र की स्थापना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या आगमन ऐतिहासिक व सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रहा। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक भी मौजूद रहे।
श्री राम यंत्र स्थापित करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “इस पवित्र राम जन्मभूमि पर भूमि पूजन, यहाँ प्राण प्रतिष्ठा, भक्तों के लिए राम दरबार का उद्घाटन और मंदिर के शीर्ष पर धर्म ध्वज फहराना – ये सभी हमारे इतिहास के स्वर्णिम क्षण हैं।” उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय श्री राम’ से की और अयोध्या को भगवान राम के लिए स्वर्ग से भी अधिक प्रिय बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम का जन्म इसी अयोध्या नगरी में हुआ था और यहाँ की पवित्र भूमि का स्पर्श करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।








