ग्रामीणों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
कंपाउंड वॉल की मांग, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील अंतर्गत गोठणगांव में इन दिनों तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव में दिन हो या रात, तेंदुए की गतिविधियों के कारण ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है। कई लोगों ने तेंदुए को गांव के आसपास घूमते हुए देखा है, जिससे नागरिकों में दहशत और चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग द्वारा नियमित गश्त की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण वे अपने दैनिक कार्य भी भय के साये में कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता व्यक्त की जा रही है।
गांव के नागरिकों ने प्रशासन से कई बार मांग की है कि गांव की सीमा के आसपास मजबूत कंपाउंड वॉल का निर्माण किया जाए, ताकि वन्यजीवों का प्रवेश रोका जा सके। हालांकि, अब तक इस मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने और तेंदुए के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है, ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।








