जामसांवली में ‘हनुमान लोक’ का भव्य लोकार्पण
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया श्रीरामार्पण
360 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
द्वितीय चरण को मिली मंजूरी, गूंजा जय श्रीराम
पांढुर्णा:रामनवमी के पावन अवसर पर डॉ. मोहन यादव ने पांढुर्णा जिले के जामसांवली धाम स्थित ‘हनुमान लोक’ परियोजना के प्रथम चरण का भव्य लोकार्पण कर इसे प्रभु श्रीराम को समर्पित किया। ₹35 करोड़ से अधिक लागत से विकसित इस आध्यात्मिक परिसर के द्वार अब श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।
इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री ने ‘हनुमान लोक’ परियोजना के द्वितीय चरण को भी मंजूरी देने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में 360 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया, जो इस क्षेत्र को एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने इसे अपने जीवन के सबसे सुखद क्षणों में से एक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। महाराष्ट्रीयन वास्तुकला से सुसज्जित भव्य प्रवेश द्वार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ढोल-ताशों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का अवलोकन किया और नव-निर्मित सभामंडप की भव्यता की सराहना की। गर्भगृह में श्री हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना के बाद एक भावुक क्षण तब आया जब मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों पर पुष्पवर्षा कर उनके योगदान को सम्मानित किया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। यह आयोजन प्रदेश के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।












