गडचिरोली:महाराष्ट्र के गडचिरोली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां माओवादी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। 31 मार्च 2026 को 9 इनामी माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
यह कार्रवाई गडचिरोली पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त माओवाद विरोधी अभियान का नतीजा मानी जा रही है। आत्मसमर्पण करने वालों में 3 एरिया कमेटी मेंबर (ACM) और 6 अन्य सक्रिय सदस्य शामिल हैं। समर्पण करने वालों में शांति वंजा वड्डे और सुक्की बामी कुंजाम जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। पुलिस को दी गई जानकारी के आधार पर महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित जंगलों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इसमें एके-47, एसएलआर, वॉकी-टॉकी और डेटोनेटर शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गडचिरोली में कभी 10 उपविभागों में सक्रिय माओवादी गतिविधियां अब सिमटकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक रह गई हैं। अक्टूबर 2025 में मल्लोजुला वेनुगोपाल राव समेत 61 माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद यह गिरावट और तेज हुई है।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें।
पुलिस ने अन्य माओवादियों से भी अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और सम्मानजनक जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।








