लोकवाहिनी, संवाददाता:शहर के एमआईडीसी (MIDC) थाना क्षेत्र स्थित मातोश्री नगर में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) के सहायक उप-निरीक्षक की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान पंकज ठाकुर (42) के रूप में हुई है। वहीं, बीच-बचाव करने आए उनके साले अर्पित सगर (30) भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
विवाद की मुख्य वजह
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश मंडल (23) का मृतक की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इस संबंध का पता चलने पर पंकज ठाकुर ने कई बार आरोपी को बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह नहीं माना, जिससे दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।
हनुमान जयंती कार्यक्रम के दौरान हमला
घटना की रात मातोश्री नगर के हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पंकज की बेटी मंच पर प्रस्तुति दे रही थी। इसी बीच आरोपी आकाश वहाँ पहुँचा और उससे बातचीत करने लगा। पंकज ठाकुर ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुँच गया।
प्रारंभिक विवाद के बाद आकाश वहाँ से चला गया, लेकिन कुछ समय बाद अपने भाई हर्षद, माँ पुष्पा मंडल और अन्य साथियों के साथ वापस लौटा। सभी आरोपी अपने साथ धारदार हथियार लेकर आए थे। उन्होंने पंकज ठाकुर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बचाने आए अर्पित पर भी आरोपियों ने हमला किया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को हिंगना स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने पंकज ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश मंडल, उसके भाई हर्षद और उनकी माँ पुष्पा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि पुष्पा मंडल के पति की मौत के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर पुलिस विभाग में नौकरी मिली थी और अभी वह नागपुर ग्रामीण पुलिस मुख्यालय में कार्यरत हैं।
पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जाँच में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जाँच जारी है।








