लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। आप (AAP) सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार सुबह एक वीडियो संदेश जारी कर पलटवार किया। राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने और संसद में बोलने से रोके जाने के बाद ‘एक्स’ (X) पर साझा किए गए इस वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्हें खामोश जरूर किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं। वहीं चड्ढा के वीडियो संदेश पर आम आदमी पार्टी का भी जवाब आया। पार्टी ने चड्ढा पर आरोप लगाया कि वे देश के लिए जरूरी अहम मुद्दे नहीं उठा रहे थे।
वीडियो संदेश में राघव चड्ढा ने सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब-जब मुझे संसद में बोलने का मौका मिला, मैंने आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए। हो सकता है कि मैं ऐसे मुद्दे उठाता हूँ, जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती। लेकिन क्या जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई गलती की है? क्या मैंने कुछ गलत किया है?”
उन्होंने आगे कहा, “मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूँ, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर कहा है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने से रोका जाए। भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा? मैं तो जब बात करता हूँ, जनता के मुद्दों पर बात करता हूँ, आम आदमी की बात करता हूँ।” राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने तो एयरपोर्ट पर मिल रहे महँगे खाने की बात रखी।








