नागपुर पुलिस की बालाघाट में कार्रवाई, डोरली माल गांव में खेत से तीन बोरियों में मिली करोड़ों की नकदी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर के शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई 3 करोड़ 74 लाख रुपये की सनसनीखेज सशस्त्र लूट के मामले में नागपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद किए हैं। लूट की यह रकम डोरली माल गांव में दिनेश डहरवाल के खेत में भूसे के ढेर के नीचे तीन बोरियों में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मामले में चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
18 नवंबर 2026 की तड़के नागपुर के तुलसीनगर इलाके में यह वारदात हुई थी। अनाज और फाइनेंस व्यवसाय से जुड़े सुरेश परमार के कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर बदमाश नकदी से भरी एसयूवी लेकर फरार हो गए थे। इस वारदात में कुल 3 करोड़ 74 लाख रुपये लूटे गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना तैयार की थी। शुभम डहरवाल, अजय यादव और रितेश मरस्कोल्हे ने जूम कार ऐप के माध्यम से वाहन बुक कर व्यापारी के घर की रेकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।
चार दिन पहले छिपाई थी रकम
वारदात के बाद आरोपी लूट की रकम लेकर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले पहुंचे। वहां डोरली माल गांव में दिनेश डहरवाल के खेत में करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में भरकर करोड़ों रुपये भूसे के ढेर के नीचे छिपा दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर खेत में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान भूसे के ढेर के नीचे रखी तीन बोरियां बरामद हुईं। उनमें कुल 3 करोड़ 28 लाख रुपये की नकदी मिली। इस तरह नागपुर पुलिस ने लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया।
पुलिस उपायुक्त राहुल मदने के अनुसार, मामले में कुल छह आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया गया है। वहां शुभम डहरवाल, अजय यादव, विशाल सोनगडे और रितेश मरस्कोल्हे सहित अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हैं। इस कार्रवाई में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (उत्तर) विनिता साहू और पुलिस उपायुक्त राहुल मदने के नेतृत्व में शांतिनगर पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नागपुर से बालाघाट तक जांच का पीछा करते हुए पुलिस ने खेत में छिपाई गई करोड़ों की नकदी बरामद की।
46 लाख रुपये अब भी गायब
इस लूटकांड में कुल 3 करोड़ 74 लाख रुपये लूटे गए थे, जबकि पुलिस अब तक 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। ऐसे में शेष 46 लाख रुपये की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। यह रकम कहां है और किसके पास रखी गई है, इसकी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लूट की पूरी साजिश, रकम के बंटवारे और अन्य सहयोगियों की भूमिका से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।















