27वें वर्धापन दिन एवं महोत्सव का उद्घाटन, भारत–जापान के सांस्कृतिक और बौद्ध धम्म संबंधों का गौरव
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। भगवान गौतम बुद्ध ने दुनिया को प्रज्ञा, करुणा और शील का संदेश दिया। उनके विचारों पर आधारित बौद्ध धम्म आज विश्वभर में पहुंच चुका है। नागपुर की पवित्र दीक्षाभूमि के साथ ही कामठी स्थित ड्रैगन पैलेस टेम्पल ने भी शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बौद्ध धम्म के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है। यह प्रतिपादन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। कामठी स्थित ड्रैगन पैलेस टेम्पल के 27वें वर्धापन दिन समारोह एवं महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजीव पोतदार, टोक्यो के ड्रैगन पैलेस मंदिर के प्रमुख एड. सुलेखा कुंभारे, जापान के मिनोबुसान कुओंजी मंदिर के प्रमुख, पूज्य ताइकेन ओयामा, महाबोधि विहार, बोधगया की अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक मंत्रोच्चार समारोह की मुख्य संरक्षक मैडम वांगमो डिक्सी उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच राजनीतिक संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक और वैचारिक रिश्ते भी मजबूत हैं। भगवान गौतम बुद्ध के विचारों का इन संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों ‘धम्मभूमि ड्रैगन पैलेस टेम्पल’ स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का डिजिटल माध्यम से शुभारंभ भी किया गया।
विश्वभर के बौद्ध अनुयायियों को आकर्षित करेगा नागपुर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भगवान बुद्ध ने ज्ञान, प्रेम, करुणा और बंधुता के माध्यम से मानवता को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी दुनिया के अनेक देशों में स्वीकार किए जा रहे हैं। जापान सहित कई देशों में बौद्ध धम्म के अनुयायी बड़ी संख्या में हैं। उन्होंने कहा कि नागपुर को दीक्षाभूमि की पवित्र विरासत प्राप्त है। इसके साथ ड्रैगन पैलेस टेम्पल ने भी शहर की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। ‘सेवन वंडर्स ऑफ लैंड’ की अवधारणा आगे आने से विश्वभर के बौद्ध अनुयायियों और पर्यटकों का नागपुर की ओर आकर्षण बढ़ेगा। ड्रैगन पैलेस टेम्पल के नाम से स्थानीय मेट्रो स्टेशन को मिली पहचान भी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल के महत्व को दर्शाती है।
जापान के बौद्ध भिक्षुओं की उपस्थिति
कार्यक्रम में ओगावा सोसायटी की अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री एड. सुलेखा कुंभारे, इंटरनेशनल निचिरेन-शू फेलोशिप एसोसिएशन के अध्यक्ष भंते कानसेन मोचिदा, जापान के टोक्यो स्थित मिनोबुसान कुओंजी टेम्पल के वेनेरेबल ताइकेन आओयामा, बोधगया के महाबोधि विहार की इंटरनेशनल त्रिपिटक चैंटिंग सेरेमनी की मुख्य संरक्षक वांगमो डिक्सी, विधायक डॉ. राजीव पोतदार और पूर्व विधायक जोगेंद्र कवाडे उपस्थित थे।















