63 करोड़ के बकाये ने छीनी गरीबों की मुफ्त इलाज की सुविधा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। सरकार और स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वाली निजी कंपनी के बीच भुगतान को लेकर जारी विवाद का असर अब आम मरीजों पर पड़ रहा है। ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना’ योजना के तहत नागपुर जिले में संचालित 58 केंद्रों में से 34 केंद्र पिछले 22 दिनों से बंद हैं। इन केंद्रों का संचालन निजी ठेकेदार के माध्यम से किया जाता था, जबकि शेष 24 केंद्र स्थानीय प्रशासन द्वारा संचालित किए जा रहे हैं और वहां स्वास्थ्य सेवाएं जारी हैं।
केंद्र बंद होने से शहर के कई इलाकों के नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। पहले इन केंद्रों में सामान्य बीमारियों का इलाज, डॉक्टरों से परामर्श, मुफ्त दवाइयां और विभिन्न जांच सुविधाएं उपलब्ध थीं। अब मरीजों को इलाज के लिए निजी क्लीनिकों और अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
कंपनी के 1,067 करोड़ रुपये बकाया होने का दावा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत महाराष्ट्र सरकार ने राज्यभर में लगभग 225 आपला दवाखाना, 400 महालैब और 110 डायलिसिस केंद्रों के संचालन के लिए एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के साथ 10 साल का करार किया था। कंपनी का दावा है कि सरकार की ओर से करीब दो वर्षों से भुगतान लंबित है और कुल बकाया राशि 1,067.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसमें महालैब सेवाओं के 877.15 करोड़ रुपये, डायलिसिस सेवाओं के 126.27 करोड़ रुपये और आपला दवाखाना केंद्रों के 63.83 करोड़ रुपये शामिल हैं। कंपनी ने 4,000 से अधिक कर्मचारियों के वेतन भुगतान में भी देरी होने की बात कही है। आर्थिक संकट के कारण जरूरी जांच किट और अन्य चिकित्सा सामग्री खरीदने में परेशानी हो रही है। इसी का हवाला देते हुए कंपनी ने 1 नवंबर से सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया, जिसके परिणामस्वरूप नागपुर के 34 केंद्रों पर ताला लग गया।
30 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं प्रभावित
बंद होने से पहले इन केंद्रों पर मरीजों को मुफ्त ओपीडी परामर्श, दवाइयां और 30 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं। अब इन सेवाओं के बंद होने से विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। निजी क्लीनिकों में डॉक्टर से परामर्श के लिए 100 से 200 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। इसके अलावा जांच और दवाइयों का खर्च भी मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। दिहाड़ी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह स्थिति अधिक कठिन हो गई है।
भुगतान विवाद में मरीजों की परेशानी बढ़ी
सरकार और कंपनी के बीच बकाया भुगतान तथा सेवाओं के संचालन को लेकर विवाद जारी है। वहीं, इस पूरे मामले का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है। नागपुर के 34 आपला दवाखाना केंद्रों के बंद रहने से कई बस्तियों के नागरिक मुफ्त इलाज, दवाइयों और जांच सुविधाओं से वंचित हैं। अब लोगों की निगाहें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं, ताकि बंद केंद्र जल्द शुरू होकर मरीजों को राहत मिल सके।















