लोकवाहिनी, संवाददाता,नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कूचबिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कूचबिहार में उमड़ा जनसैलाब इस बात का सबूत है कि बंगाल में अब टीएमसी के पापों का घड़ा भर चुका है और अब जनता बदलाव चाहती है। चुनाव के बाद भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से शुरू हुआ परिवर्तन का महाअभियान अब पूरे बंगाल में फैल चुका है।
न्यायिक अधिकारियों के घेराव को ‘महाजंगलराज’ करार दिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मालदा में एक भीड़ द्वारा न्यायिक अधिकारियों का घंटों तक घेराव किए जाने की घटना को लेकर रविवार को तृणमूल कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा और इसे सत्ताधारी पार्टी की सरकार के ‘महाजंगलराज’ का उदाहरण बताया। मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस बंगाल में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली हुई है।
मोदी ने कहा कि पूरे देश ने देखा है कि मालदा में न्यायिक अधिकारियों को कैसे बंधक बनाया गया था और सवाल किया कि यह किस तरह की सरकार है जो न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा और संवैधानिक प्रक्रियाओं को सुनिश्चित नहीं कर सकती! उन्होंने कहा, “हम ऐसी सरकार से बंगाल की जनता की सुरक्षा की उम्मीद नहीं कर सकते।” मोदी ने कहा, “जब न्यायिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आप तृणमूल शासन में आम लोगों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? मालदा में जो हुआ वह तृणमूल के महाजंगलराज का एक उदाहरण है।”







