लोकवाहिनी, संवाददाता:यवतमाल। यवतमाल में गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती महंगाई के विरोध में वंचित बहुजन आघाडी ने सोमवार को संविधान चौक पर अनोखा आंदोलन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चूल्हा जलाकर ‘झुनका-भाकर’ बनाकर नागरिकों और प्रशासन को वितरित करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष एवं नगरसेवक डॉ. नीरज वाघमारे ने किया। आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखी आलोचना करते हुए कार्यकर्ताओं ने ‘नरेंद्र, कब मिलेगा सिलेंडर?’ जैसे नारे लगाए और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि गलत विदेश नीति के कारण देश में गैस की भारी कमी उत्पन्न हुई है। उनका कहना था कि अमेरिका के दबाव में आकर भारत ने अपने पुराने सहयोगी ईरान को नजरअंदाज किया, जिससे ईंधन संकट गहरा गया। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।
संविधान चौक पर बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर भाकरी बनाई। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर महंगा होने के कारण उन्हें फिर से लकड़ी पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस दौरान डॉ. नीरज वाघमारे ने गले में गैस सिलेंडर की माला पहनकर विरोध दर्ज कराया। आंदोलनकारियों ने ‘झुनका-भाकर’ बनाकर लोगों में वितरित किया।







