लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। गर्मी का असर अब चरम पर पहुँचता नजर आ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवा चल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है और अगले दो दिनों तक इसी तरह के हालात बने रह सकते हैं। पिछले कुछ दिनों से लू की तीव्रता बहुत बढ़ गई है। खासकर विदर्भ में भीषण गर्मी पड़ रही है। शनिवार को वर्धा का तापमान सबसे अधिक (45 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया, वहीं नागपुर का पारा 44.2 रहा। राज्य के ऊपर प्रतिचक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण आकाश साफ है और सूर्य की रोशनी सीधे जमीन पर पड़ रही है। इसी वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
अप्रैल के तीसरे सप्ताह में तापमान लगातार बढ़ रहा है और पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच गया है। दोपहर में गर्मी अधिक महसूस होने के कारण आशंका है कि इसका असर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी वर्ग के स्वास्थ्य पर पड़ेगा।
हीट एक्शन प्लान लागू: 56 कोल्ड रूम स्थापित
भीषण गर्मी से निपटने के लिए जिले में हीट एक्शन प्लान लागू किया गया है। इसके तहत जिले में कुल 56 कोल्ड रूम स्थापित किए गए हैं, जिनमें से दो उप-जिला अस्पतालों और 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन कोल्ड रूम में एसी या हाई-स्पीड कूलर, पर्याप्त बर्फ और गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए स्पंजिंग या ठंडे पानी से स्नान कराने की सुविधा उपलब्ध है।
जिला परिषद स्वास्थ्य विभाग ने लू लगने से बचाव के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी हैं और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात कर दिए गए हैं। इसके अलावा, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल कल्याण विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में सुबह के सत्र में कक्षाएं संचालित करने, विद्यार्थियों को निर्जलीकरण (Dehydration) से बचाने के लिए ठंडे पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और दिन में कम से कम दो बार ‘वॉटर बेल’ के निर्देश दिए गए हैं।







