लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल के आंकड़े जारी हुए। एग्जिट पोल के शुरुआती अनुमान 4 मई को होने वाली आधिकारिक गिनती से पहले ही इस बात का एक मोटा-मोटा अंदाज़ा दे देते हैं कि अलग-अलग पार्टियां कैसा प्रदर्शन कर सकती हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने का दावा 6 में से 5 एग्जिट पोल में किया गया है। वहीं असम के 8 एग्जिट पोल जारी हुए, सभी में भाजपा की वापसी का दावा किया गया है। उधर केरल में एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के चौंकाने वाले आंकड़ों के अनुसार, केरल में इस बार सत्ता परिवर्तन की लहर दिखाई दे रही है, जहाँ कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को 78 से 90 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं तमिलनाडु में डीएमके और पुडुचेरी में एक बार फिर भाजपा की वापसी का अनुमान लगाया गया है।
पश्चिम बंगाल में बदलाव का दावा
पश्चिम बंगाल में 6 एग्जिट पोल के नतीजे आ चुके हैं। 5 में भाजपा और एक में टीएमसी सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। मैट्रिज़ के एग्जिट पोल में टीएमसी को 125 से 140 और भाजपा को 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है। चाणक्य स्ट्रैटेजी ने टीएमसी को 130 से 140 और भाजपा को 150 से 160 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। पीपल्स पल्स ने टीएमसी को 177 से 187 और भाजपा को 95 से 110 सीटें मिलने की बात कही है। पिा पोल ने टीएमसी को 85 से 110 और भाजपा को 178 से 200 सीटें मिलने की बात कही है। पी-मार्क के एग्जिट पोल में टीएमसी को 118 से 138 और भाजपा को 150 से 175 सीटें दी गई हैं। पोल डायरी ने टीएमसी को 99 से 127 और भाजपा को 142 से 171 सीटें मिलने की बात कही है।
असम में भाजपा की वापसी
असम के 8 एग्जिट पोल जारी हुए, सभी में भाजपा की वापसी का दावा किया है। एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा को 88-100, जबकि कांग्रेस को 24-36 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। मैट्रिज़ ने भाजपा को 85-95 और कांग्रेस को 25-32 सीटें दी हैं। पीपल्स पल्स ने भाजपा को 68-72 और कांग्रेस को 22-26 सीटें दी हैं। पी-मार्क ने भाजपा को 82-94 और कांग्रेस को 30-40 सीटें दी हैं। जीवीसी ने भाजपा को 88-101 और कांग्रेस को 23-33 सीटों का अनुमान जताया है। चाणक्य स्ट्रैटेजी ने भाजपा को 88-98 और कांग्रेस को 22-32 सीटें मिलने की बात कही है। पोल डायरी ने भाजपा को 86-101 और कांग्रेस को 15-26 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। वोट वाइब ने भाजपा को 90-101 और कांग्रेस को 23-33 सीटें दी हैं।
केरल में सत्ता परिवर्तन
केरल में एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के चौंकाने वाले आंकड़ों के अनुसार, केरल में इस बार सत्ता परिवर्तन की लहर दिखाई दे रही है, जहाँ कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को 78 से 90 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। यदि ये आंकड़े सही साबित होते हैं, तो केरल की जनता ने एक बार फिर अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए विपक्षी गठबंधन को सत्ता की चाबी सौंपी है। दूसरी ओर, लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का सपना देख रहे सत्ताधारी वामपंथी गठबंधन (एलडीएफ) के लिए ये रुझान काफी निराशाजनक हो सकते हैं।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA के लिए राज्य में इस बार भी राह आसान नहीं दिख रही है और उसे मात्र 0 से 3 सीटें मिलने का ही अनुमान है।








