लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। उत्तर प्रदेश से बेंगलुरु ले जाई जा रही 6 टन प्रतिबंधित मांगूर प्रजाति की मछली पुलिस ने जब्त की है। यह कार्रवाई वर्धा रोड स्थित कृपलानी चौक पर की गई। मत्स्य विभाग की शिकायत पर बजाज नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बीती रात बजाज नगर थाना पुलिस की टीम वर्धा रोड पर रहाटे कॉलोनी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें संदिग्ध हालत में ट्रक (केए-67-2967) दिखाई दिया। पूछताछ करने पर चालक ने टालमटोल जवाब दिए, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें 6 टन मांगूर प्रजाति की मछली बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय को सूचना दी गई। विभाग की सहायक प्रोफेसर अश्विनी टेकाम मौके पर पहुंचीं और जांच के दौरान मछली के प्रतिबंधित होने की पुष्टि की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 6 लाख रुपये मूल्य की मछली, 25 लाख रुपये कीमत का ट्रक तथा 18 हजार रुपये के 4 मोबाइल फोन सहित कुल 31 लाख 18 हजार रुपये का माल जब्त किया है।









