लोकवाहिनी, शहर प्रतिनिधि:नागपुर। शहर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में पुलिस बल द्वारा करीब तीन दर्जन गांजा विक्रेताओं के घरों पर छापे मारे गए। परन्तु पुलिस के हाथ मामूली मात्रा में गांजा लगने से पूरा अभियान का मजाक बन गया है। यशोधरा नगर थाना क्षेत्र की झुग्गी-बस्तियों में देर रात तक पुलिस का सर्च ऑपरेशन चला। अभियान का नेतृत्व स्वयं पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल ने किया। वे मौके पर मौजूद रहे और विभिन्न टीमों का गठन कर एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर भारी पुलिस बल तैनात कर कार्रवाई की गई। ऑपरेशन के दौरान वांजरा ले-आउट स्थित म्हाडा क्वार्टर निवासी शेख आदिल शेख करीम (40) के घर की तलाशी में मात्र 190 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इतने बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान के बावजूद बेहद कम मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने से कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।
पांढराबोडी- मिठानीम स्लम क्षेत्र में औचक दौरा
पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर कुमार सिंगल ने नागपुर शहर की पांढराबोडी और मिठानीम झुग्गी बस्तियों का औचक दौरा किया। इन इलाकों में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की बिक्री और अन्य अवैध गतिविधियों के होने की शिकायतें और सूचना मिली थी। इस दौरान नित्यानंद झा (पुलिस उपायुक्त, ज़ोन 2), सहायक पुलिस आयुक्त किरण पीपलवाट साहब (सीताबर्डी डिवीजन), वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद गोडबोले (अंभाझरी पुलिस स्टेशन) और उनके कर्मचारी, पीआरओ टीम, आरसीपी स्क्वाड नंबर 1 और आरसीपी स्क्वाड नंबर 3 उपस्थित थे। उक्त दौरे के दौरान सीपी सिंगल ने स्थानीय स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, नशीली दवाओं की बिक्री के स्थानों और अवैध लेन-देन के संबंध में संबंधित स्थानीय पुलिस अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा, अचानक किए गए दौरे के सिलसिले में, क्षेत्र में निरीक्षण, तलाशी अभियान और पैदल गश्त की गई। इस दौरान, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अपराधियों की जांच की गई, उनकी पहचान की गई और उनसे पूछताछ की गई। संबंधित अधिकारियों को गश्त बढ़ाने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और स्थानीय नागरिकों से संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए ताकि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके। आयुक्त सिंगल ने सीधे नागरिकों से बातचीत की और उनसे सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।








