लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। पुणे के श्री शिव छत्रपति क्रीड़ा संकुल में चल रही अ.भार. विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड की 47वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में महावितरण ने कुश्ती के 10 भार वर्गों में 5 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर टीम खिताब अपने नाम किया। वहीं, महावितरण की खो-खो टीम ने प्रतियोगिता में एकतरफा वर्चस्व कायम रखते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा, बास्केटबॉल के फाइनल मैच में पंजाब की टीम ने खिताब अपने नाम किया। एमएसईबी होल्डिंग कंपनी द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कुश्ती के 10 भार वर्गों के फाइनल मैच शुक्रवार को खेले गए।
विभिन्न भार वर्गों के अनुसार विजेता और उपविजेता क्रमशः ये हैं- 57 किग्रा- सुदर्शन पाटिल (महावितरण) और जरनेल सिंह (हिमाचल प्रदेश), 61 किग्रा- अश्विन मोरे (महावितरण) और सुरेश कुमार (हरियाणा), 65 किग्रा- राजकुमार काले (महावितरण) और अजय कुमार (हिमाचल प्रदेश), 70 किग्रा- रणबीर सिंह (पंजाब) और आनंद नागरगोजे (महावितरण), 74 किग्रा- सुखबीर सिंह (हिमाचल प्रदेश) और नरेंद्र सिंह (पंजाब), 79 किग्रा- अखिल मुजावर (महावितरण) और शेरोंसिंह (पंजाब), 86 किग्रा- अजय कुमार (हिमाचल प्रदेश) और दीपक कुमार (राजस्थान), 92 किग्रा- बलवीर सिंह (हिमाचल प्रदेश) और अरुण गौड़ (हरियाणा), 97 किग्रा- अमोल गवली (महावितरण) और मदन (हरियाणा), 125 किग्रा- विजेंद्र सिंह (हिमाचल प्रदेश) और प्रमोद ढेरे (महावितरण)।
इसके बाद खो-खो का फाइनल मैच महावितरण और हरियाणा पावर के बीच खेला गया। इसमें भारतीय खो-खो टीम के कप्तान प्रतीक वाइकर ने निशिकांत शिंदे, विराज कोतमकर और महेंद्र पाटिल के साथ मिलकर महावितरण के आक्रमण और रक्षा में आक्रामक रुख बनाए रखा और हरियाणा पावर को दो अंक और एक पारी से मात देकर एकतरफा जीत हासिल की। कबड्डी में महावितरण फाइनल में पहुंच गई है और उसका मुकाबला पिछले साल की विजेता हिमाचल प्रदेश से होगा। महावितरण ने बीएसईएस दिल्ली टीम को 36-10 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा पावर को 48-28 से हराकर महावितरण को फाइनल में चुनौती दी है।
बास्केटबॉल के फाइनल मैच में पंजाब टीम (45) ने हरियाणा टीम (30) को 15 अंकों से हराकर चैंपियनशिप जीती। पंजाब के हरप्रीत सिंह ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। तीसरे स्थान के लिए हुए बेहद करीबी और रोमांचक बास्केटबॉल मैच में महावितरण टीम (23) ने राजस्थान टीम (21) को मात्र 2 अंकों से हरा दिया। महावितरण के भरत मराठे ने आखिरी मिनट में दो अंक बनाकर टीम को विजयी बनाया। कृष्णा लाड और किशोर सपकाले ने भी इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया।








