लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना के तहत आयोजित देश के पहले खासदार क्रीड़ा महोत्सव का 8वां संस्करण 31 मई से 7 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में महोत्सव के आयोजक और पूर्व विधायक संदीप जोशी ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में यह महोत्सव नागपुर शहर और जिले सहित पूरे महाराष्ट्र के लिए आयोजित किया जाता था, लेकिन इस वर्ष नागपुर शहर की भीषण गर्मी और प्रतिदिन बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए, सभी सह-आयोजकों ने निर्णय लिया कि इस वर्ष इस खेल परंपरा को भंग किए बिना ही महोत्सव का आयोजन किया जाए।
इस संस्करण में केवल 18 खेल नागपुर शहर के खिलाड़ियों के लिए ही हैं। महोत्सव रविवार 31 मई से 7 जून तक चलेगा। नागपुर शहर के कोने-कोने में स्थित 20 मैदानों पर इन 18 खेलों का आयोजन किया जाएगा और सभी मैदानी प्रतियोगिताएं रात में ही होंगी। इस आठवें संस्करण में सभी खेलों के लिए 57 लाख 63 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ-साथ ट्राफियां और पदक भी दिए जाएंगे। इस संस्करण में कुश्ती, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कबड्डी, तैराकी, बास्केटबॉल, शतरंज, कैरम, वॉलीबॉल, योग, जिम्नास्टिक, स्केटिंग, टेबल टेनिस और सॉफ्टबॉल जैसे खेल शामिल हैं। इन 18 खेल आयोजनों की जिम्मेदारी डॉ. पीयूष आंबुलकर, डॉ. पद्माकर चारमोडे, सचिन देशमुख, अशफाक शेख, डॉ. विवेक अवसर, डॉ. संभाजी भोसले, अमित संपत, नागेश सहारे, नवनीत तुली, सचिन माथने, विशाल लोखंडे, संदेश खरे, लक्ष्मीकांत किरपाणे, धनंजय उपासनी, सतीश वड़े, सुनील मानेकर, डॉ. सौरभ मोहोड़, प्रकाश चांद्रायण, नीरज दोंतुलवार निभाएंगे। इस अवसर पर डॉ. पीयूष आंबुलकर, डॉ. पद्माकर चारमोडे, सचिन देशमुख, अशफाक शेख, नीरज दोंतुलवार मौजूद थे।
बढ़ते तापमान के कारण सुबह 5.30 बजे उद्घाटन
जोशी ने बताया कि वर्तमान में नागपुर का तापमान दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में एथलीटों को इस परेशानी से बचाने के लिए सुबह 5.30 बजे मैराथन के जरिए उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर नितिन गडकरी उपस्थित रहेंगे। हर साल विदर्भ और अन्य राज्यों की टीमों को इस उत्सव में भाग लेने का मौका दिया जाता था, लेकिन बढ़ते तापमान के कारण यह उत्सव अब नागपुर शहर तक ही सीमित कर दिया गया है। हम जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए उत्सव को सफल बनाने का प्रयास करेंगे।








