लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने पाकिस्तान के साथ रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हमें पाकिस्तान के साथ बातचीत का दरवाजा हमेशा खुला रखना चाहिए। दोनों देशों को एक-दूसरे को वीजा भी देना चाहिए। खेलकूद और व्यापार भी होना चाहिए। दोनों देशों के बीच जनता से जनता के रिश्ते तनाव कम करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के सीईओ विजय जोशी को दिए इंटरव्यू में होसबोले ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सांस्कृतिक संबंध पुराने हैं और हम एक ही राष्ट्र रहे हैं। राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व पर भरोसा कम होने के कारण पाकिस्तान के खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और सिविल सोसायटी को आगे आना चाहिए।
मितव्ययिता और सादगी भारतीय जीवन शैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशहित में पेट्रोलियम उत्पादों के कम इस्तेमाल, सोने की खरीद को एक साल तक टालने और विदेश यात्राओं से बचने की अपील पर भी आरएसएस महासचिव ने अपनी राय रखी। होसबोले ने कहा कि यह देश के सर्वोत्तम हित में है। उन्होंने कहा कि युद्ध की स्थिति न होने पर भी मितव्ययिता और सादगी भारतीय जीवन शैली का हिस्सा होनी चाहिए।









