लखनऊ। लचर प्रदर्शन के बावजूद प्लेऑफ की दौड़ में कायम चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को आईपीएल के मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करके अपना दावा बनाये रखना चाहेगी जबकि दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ के लिये यह महज प्रतिष्ठा का मुकाबला है। चेन्नई ने टूर्नामेंट के दूसरे चरण में समय पर जीत दर्ज करके अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं जबकि लखनऊ की टीम का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा।
चेन्नई को अपने बाकी सारे मैच जीतने के अलावा दूसरे मैचों के नतीजे भी अनुकूल रहने की दुआ करनी होगी। चेन्नई फिलहाल 11 मैचों में से छह जीतकर पांचवें स्थान पर है। अच्छी ‘फिनिशिंग’ नहीं होने के कारण आलोचना झेलने वाली पांच बार की चैंपियन चेन्नई टीम ने संजू सैमसन, उर्बिल पटेल, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और कुछ उदीयमान खिलाड़ियों के दम पर अच्छी वापसी की। शीर्षक्रम पर उर्बिल के बेखौफ प्रदर्शन से पावरप्ले में चेन्नई का प्रदर्शन बेहतर हुआ है।
शुक्रवार को शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस को भी बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। जांघ की चोट के कारण हरफनमौला जेमी ओवरटन के बाहर होने से चेन्नई की गेंदबाजी कमजोर हुई है। ओवरटन ने दस मैचों में 14 विकेट लिये और वह इस सत्र में चेन्नई की गेंदबाजी की धुरी थे। अकील हुसैन, मुकेश चौधरी और अंशुल कम्बोज ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि अफगानिस्तान के बायें हाथ के स्पिनर नूर अहमद प्रभावी रहे हैं। दूसरी ओर लखनऊ को कप्तान ऋषभ पंत के लगातार खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा। उसके गेंदबाज विरोधी टीमों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे और चेन्नई के खिलाफ पहले चरण के मैच में तो वे 203 रन बनाकर भी हार गए। जोश इंगलिस, निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन एक इकाई के रूप में टीम नाकाम रही है।








