48 घंटों में व्यवस्था सुधारने की दी चेतावनी
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में परीक्षाओं की लेटलतीफी और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय के बाहर जोरदार आंदोलन कर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। युवा मोर्चा ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 48 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की लापरवाही और परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी से छात्र परेशान हैं। एक ओर परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, तो दूसरी ओर परीक्षा और परिणाम समय पर नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इन्हीं समस्याओं को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शुक्रवार को एक बार फिर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के जमनालाल बजाज प्रशासनिक भवन के बाहर जोरदार आंदोलन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की मांग की, लेकिन लगातार तीसरी बार कुलगुरु ने मिलने से इनकार कर दिया, जिसके पश्चात युवा मोर्चे के कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु के सहायक को ज्ञापन सौंपा। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को व्यवस्था सुधारने और छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।













