आयोजन : प्रतिभा शक्ति की विश्व पर्यावरण दिवस पर सराहनीय पहल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। प्रतिभा शक्ति विदर्भ प्रांत द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रकृति से प्रेरित – जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए विषय पर ऑनलाइन वीडियो प्रतियोगिता तथा सेव नेचर रैली का आयोजन किया गया. दोनों कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, सदस्यों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया. ऑनलाइन कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. वैशाली देव द्वारा शक्ति प्रार्थना से हुआ. कार्यक्रम का संचालन डॉ. भावना देशपांडे ने किया तथा मुख्य अतिथि डॉ. अनघा पाटिल का परिचय कराया. अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधा तिवारी ने की. राष्ट्रीय सचिव डॉ. वर्षा तटवधी ने संगठन की दृष्टि, मिशन एवं विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला. डॉ. मृणाल यावलकर ने विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों पर तैयार किए गए वीडियो प्रस्तुत किए.
प्रतियोगिता के विषयों में ई-वेस्ट : छिपा हुआ पर्यावरणीय खतरा, ग्रीन कैंपस-ग्रीन नेशन, शहरी बागवानी में देशी पौधों का महत्व तथा नवीकरणीय ऊर्जा बनाम जीवाश्म ईंधन शामिल थे. इस प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 30 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की. प्रतियोगिता का मूल्यांकन समन्वयक डॉ. सुषमा नरखेडे तथा मुख्य अतिथि डॉ. अनघा पाटिल द्वारा किया गया. प्रतिभागियों को कक्षाअनुसार तीन वर्गों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए. विजेता प्रतिभागी वर्ग 1 प्रथम मयुरेश गाडगे, द्वितीय निवेदिता भोजवानी, तृतीय महिमा गोगटे एवं तृषा बसेना. वर्ग 2 में प्रथम अवंतिका आशीष टिपले, द्वितीय नेहा दाते, तृतीय तेजस आकाश जांजवाल, वर्ग 3 में प्रथम मानुश्री जयंत वराटकर एवं पूर्वा केंगिये, द्वितीय बैशाली बिस्वास, तृतीय जान्हवी चौधरी रहे. सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन सहभागिता प्रमाणपत्र तथा विजेताओं को विजेता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. साथ ही विजेताओं को नकद पुरस्कार भी ऑनलाइन प्रदान किए गए. सचिव डॉ. सुरेखा कलकर ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम में समन्वयक डॉ. पुनीता तिवारी एवं डॉ. आकांक्षा वासनिक का विशेष सहयोग रहा. समापन डॉ. अंकिता वानखेड़े द्वारा धन्यवाद ज्ञापन तथा डॉ. मृणाल यावलकर द्वारा कल्याण मंत्र के साथ हुआ.
सेव नेचर रैली का आयोजन मानवता नगर, सेमिनरी हिल्स में किया गया. प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर रैली निकाली. विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया. स्थानीय नागरिकों ने भी इस अभियान को भरपूर समर्थन दिया. रैली की संयोजिका डॉ. अंकिता वानखेड़े ने डॉ. भावना देशपांडे के सहयोग तथा प्रतिभा शक्ति की अध्यक्षा डॉ. आरती शनवारे एवं सचिव डॉ. सुरेखा कलकर के मार्गदर्शन में रैली के सफलतार्थ अथक प्रयास किए.












