तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी, एजेंसी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर किए एक पोस्ट में ईरान को चेतावनी देते हुए लिखा, “ईरान की मिलिट्री पूरी तरह से तबाह हो चुकी है। इसका ज्यादातर हिस्सा, जैसे उनकी नौसेना और एयर फोर्स, अब मौजूद ही नहीं है।” ट्रंप ने लिखा कि वे पूरी तरह से हताश हो चुके हैं। ईरान सिर्फ बात करता है, कुछ नहीं करता। मध्य-पूर्व को परेशान करने वाला ईरान अब उस हालत में नहीं है।
उन्होंने कहा कि ईरान ने ऐसी डील पर बातचीत करने में बहुत ज्यादा समय लगा दिया, जो उसके लिए ही बेहद अच्छी होती। अब उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इससे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पास अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर गिरने के बाद अमेरिका ने ईरान पर जवाबी हमले किए। अमेरिका ने पांच रणनीतिक ठिकानों पर हमला किया। इनमें बंदर अब्बास, मिनाब, सीरिक, जास्क और क़ेश्म द्वीप शामिल हैं। ये सभी इलाके होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थित हैं, जिसे दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि हेलीकॉप्टर ईरान ने गिराया था, जबकि तेहरान ने हर हमले का जवाब देने की चेतावनी दी है।
रिपब्लिकन रैली में ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ बढ़त बनाए हुए है और अगले दो हफ्तों में “टोटल विक्ट्री” घोषित करेगा। उन्होंने कहा कि इससे तेल की कीमतें भी नीचे आएंगी।
वहीं, इजरायली सेना प्रमुख एयाल ज़मीर ने भी कहा कि हालिया ऑपरेशन सिर्फ शुरुआत थी। जरूरत पड़ने पर इजराइल ईरान पर और बड़े हमले करने के लिए तैयार है।













