एआई और स्टार्टअप्प्स से दुनिया को दे रहे समाधान : फ्रांस में बोले पीएम मोदी
नीस, एजेंसी:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम में दुनिया को भारत के बढ़ते कदमों का अहसास कराया। पीएम मोदी ने वैश्विक मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत इनोवेशन है। नवाचार भारत के डीएनए में है। हमारी प्राथमिकता ऐसी तकनीक विकसित करना है जो मानवता के काम आए और लोगों के जीवन को बेहतर बनाए। उन्होंने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र भी बहुत बड़ी संभावनाएं रखता है और देश नई तकनीकों के जरिए लोगों की जिंदगी बदलने का काम कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को फ्रांस के नीस शहर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेताओं ने मिलकर भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने एक मजबूत इनोवेशन सिस्टम तैयार किया है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्टार्टअप्प्स की संख्या और भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में भारत तेजी से बदल रहा है। देश अब सूचना क्रांति के दम पर स्टार्टअप क्रांति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा नए विचारों और नई सोच के साथ बड़ी समस्याओं का समाधान खोज रहे हैं। उनके बनाए समाधान सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया और मानवता के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तेजी और बड़े पैमाने पर इनोवेशन कर रहा है। भारत टिकाऊ भविष्य के लिए नए समाधान तैयार कर रहा है और दुनिया की जरूरतों को ध्यान में रखकर तकनीक विकसित कर रहा है। उन्होंने अपने सुधार कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि रिफॉर्म एक्सप्रेस रुकने वाली नहीं है। सुधारों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और इससे स्टार्टअप्प्स और इनोवेशन को और ताकत मिलेगी। (पेज 6 पर)













