लोकवाहिनी, संवाददाता, एजेंसी अदीस अबाबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया ने अपने सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड ऑनर निशान’ से सम्मानित किया है। उन्हें इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने यह सम्मान दिया।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया है। विश्व की अति-प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित किया जाना, मेरे लिए बहुत गौरव की बात है। मैं सभी भारतवासियों की ओर से इस सम्मान को पूरी विनम्रता और कृतज्ञता से ग्रहण करता हूँ। यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया।”
इथियोपिया दुनिया का 28वाँ देश है, जिसने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान दिया है। पीएम मोदी ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि आज जब पूरे विश्व की नज़र ग्लोबल साउथ पर है, ऐसे में इथियोपिया की स्वाभिमान, स्वतंत्रता और आत्मगौरव की चिरकालीन परंपरा हम सभी के लिए सशक्त प्रेरणा है। भविष्य उन्हीं साझेदारियों का होता है जो दूरदृष्टि और भरोसे पर आधारित हों। हम इथियोपिया के साथ मिलकर ऐसे सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो बदलती वैश्विक चुनौतियों का समाधान भी करें और नई संभावनाओं का निर्माण भी करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से मुलाकात के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत को मिले समर्थन के लिए आभार जताया।











