नागपुर। तहसील पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 16.11 ग्राम एमडी और एक कार समेत कुल 5 लाख 32 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोरियापुरा निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद सुफियान मोहम्मद नासिर और सैफीनगर निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद शयान सैफी लियाकत नदीम सैफी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई रेलवे क्वार्टर के सामने ईदगाह परिसर में की गई, जहां सुफियान को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से जिप लॉक पन्नी में रखी 12.25 ग्राम एमडी बरामद हुई, जिसकी कीमत 1 लाख 23 हजार 400 रुपये आंकी गई।
दूसरी कार्रवाई सुबह करीब 5:30 बजे मेयो अस्पताल के पास की गई। यहां शयान अपनी कार (एमएच-49/एस-1763) में बैठा मिला। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें 3.86 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एमडी और कार समेत 4 लाख 8 हजार 600 रुपये का माल जब्त किया। दोनों मामलों में तहसील पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।













