अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट का कंट्रोल संभालेगा, ईरान का पलटवार – कड़ा जवाब देंगे
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। ट्रम्प ने ईरान को धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने अंतरिम समझौते का उल्लंघन जारी रखा, तो अब उसे बहुत बुरी तरह मारा जाएगा। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि ईरान ने अंतरिम समझौता तोड़ दिया है और अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट का कंट्रोल संभालेगा। उन्होंने कहा, “हम इस स्ट्रेट के गार्डियन बनेंगे। इसकी सुरक्षा करेंगे और इसके बदले हमें भुगतान भी मिलना चाहिए”।
वहीं ट्रम्प के इस बयान पर ईरानी सेना के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका को होर्मुज स्ट्रेट में दखल नहीं देने देंगे। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट की सुरक्षा और संचालन ईरान का अधिकार है, किसी बाहरी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह बयान अमेरिकी ट्रम्प के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी संभाल सकता है। होर्मुज को लेकर दोनों देशों के बीच टकराव लगातार तेज होता जा रहा है।
होर्मुज को लेकर बढ़ी तनातनी पश्चिम एशिया में सप्ताहांत में हुए हमलों के बाद सोमवार को अमेरिका और ईरान ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उनका नियंत्रण है। इस घटनाक्रम ने युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही कूटनीतिक कोशिशों पर भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। तनाव उस समय और बढ़ गया जब रविवार को ईरान ने ओमान के तट के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज को निशाना बनाया। इस हमले ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि वैश्विक स्तर पर कभी कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के लगभग पांचवें हिस्से की आवाजाही वाले इस समुद्री मार्ग का मुद्दा ही दोनों देशों के बीच वार्ता का सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है।












