नागपुर। फिल्म अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत द्वारा छात्रों और युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बर्डी मेट्रो स्टेशन (मुंजे चौक) पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और एनएसयूआई पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कंगना रनौत और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके चलते पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कुछ समय तक बर्डी मेट्रो स्टेशन क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
एनएसयूआई नेताओं का आरोप है कि हाल ही में छात्र आंदोलनों और युवा वर्ग पर टिप्पणी करते हुए कंगना रनौत ने छात्रों को जेनरेशन गटर और गटर छाप जैसे शब्दों से संबोधित किया। संगठन का कहना है कि उन्होंने महिला प्रदर्शनकारियों के संबंध में भी ड्रग्स, शराब और बॉडी काउंट जैसी टिप्पणियां कीं, जो न केवल महिलाओं बल्कि पूरे छात्र समुदाय का अपमान हैं। इस अवसर पर एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव वैष्णवी भारद्वाज ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि नीट में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने, बढ़ती शिक्षा फीस, बेरोजगारी और शिक्षा के निजीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय छात्रों को बदनाम करने और उनका मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रही है।













