युवाओं को नशे में धकेलना चाहते हैं, उनकी साजिश नाकाम करनी होगी : पीएम
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करते हुए देशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई केवल अपराध नहीं, बल्कि दुश्मन देशों की आतंकी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ ताकतें भारतीय युवाओं को नशे के जाल में फंसाकर देश की ऊर्जा और भविष्य को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी साजिशों को देश के हर नागरिक को मिलकर नाकाम करना होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में कला, संस्कृति, खेल और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश फैलाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा किसी व्यक्ति का केवल करियर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदों को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उसके साथ-साथ उसके परिवार के सपने भी टूट जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का भी मुद्दा है। उन्होंने कहा कि दुश्मन देश ड्रग्स के जरिए भारतीय युवाओं को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। सरकार ड्रग्स माफिया और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स कुछ समय के लिए झूठी खुशी देता है, लेकिन जीवनभर के लिए करियर, स्वास्थ्य और परिवार को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने भारतीय संतों और गुरुओं की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जो नशा इंसान की बुद्धि और विवेक छीन ले, वह अंततः उसके पतन का कारण बनता है।
ड्रग्स माफिया पर कार्रवाई कई गुना बढ़ी
देश में नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त की जा रही है और कार्रवाई पहले के मुकाबले कई गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नशे के खिलाफ कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्र सरकार नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ अगले 100 सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान हर रविवार देशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सामाजिक संस्थाएं और उद्योग संगठन भी भाग ले रहे हैं। सरकार चाहती है कि इस अभियान में स्कूल, कॉलेज, युवा संगठन, सामाजिक संस्थाएं, उद्योग संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं मिलकर काम करें। उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस मुहिम से जुड़ें और नशे के खिलाफ इसे जन आंदोलन बनाया जाए।













