3 आरोपियों से 126 ग्राम एमडी के साथ 30.60 लाख का माल बरामद
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा शाखा और एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 126.02 ग्राम एमडी, एक दोपहिया, एक चारपहिया वाहन, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान सहित 30.60 लाख रुपये का माल जब्त किया है. पूछताछ में आरोपियों ने एमडी सप्लाई करने वाले दो अन्य आरोपियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है.
पहली कार्रवाई हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में की गई. रात करीब 9.30 बजे पेट्रोलिंग के दौरान वार्ड क्र. 15 स्थित सरकारी राशन दुकान के सामने दोपहिया वाहन पर एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पीछा कर उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम सलीम खान साजिद खान (40), निवासी न्यू महालगीनगर बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से 32.200 ग्राम एमडी बरामद हुई. पूछताछ में उसने घर में भी मादक पदार्थ छिपाकर रखने की जानकारी दी. इसके बाद उसके घर पर छापेमारी में बाथरूम से 67.810 ग्राम एमडी बरामद की गई. इस तरह उसके कब्जे से 105.02 ग्राम एमडी जब्त की गई, जिसकी कीमत 10.50 लाख रुपये आंकी गई. पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल, सोने की अंगूठी और दोपहिया वाहन सहित 13.30 लाख रुपये का माल जब्त किया. सलीम ने पूछताछ में बताया कि उसे यह एमडी संजय कालिया ने उपलब्ध कराई थी. पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाकर तलाश शुरू कर दी है.
दूसरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने गिट्टखदान थाना क्षेत्र में की. रात करीब 2.30 बजे श्याम लॉन चौक से पलोटी चौक की ओर जा रही एक संदिग्ध कार का पीछा किया गया. गोरेवाड़ा रिंग रोड स्थित स्वागतनगर में स्टार मोटर्स मल्टी कार वर्कशॉप के सामने कार खड़ी मिली. यहां पुलिस ने दो लोगों को संदिग्ध लेन-देन करते हुए पकड़ा. उनकी पहचान दानिश खान अबरार खान (42), निवासी जाफरनगर और मुकरम मुनावर् अली काजी (32), निवासी स्वागतनगर के रूप में हुई. तलाशी में दानिश के पास से 11 ग्राम तथा मुकरम के पास से 10 ग्राम एमडी बरामद हुई. पुलिस ने दोनों के कब्जे से 21 ग्राम एमडी, दो मोबाइल और चारपहिया वाहन सहित 17.30 लाख रुपये का माल जब्त किया. पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह एमडी उन्हें सैयद इरफान अली (34), निवासी मोमिनपुरा ने बिक्री के लिए दी थी. दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, एमडी सप्लाई करने वाले दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है.












