झोपड़पट्टी फुटबॉल प्रतियोगिता के बने चैंपियन
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। क्रीड़ा विकास संस्था द्वारा आयोजित श्री वा. धाबे स्मृति 26वीं झोपड़पट्टी फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 में रोमांचक सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले दो अलग-अलग एनएम ग्राउंड, ऑटोमोटिव चौक और एनएमसी ग्राउंड, वाठोडा, पारडी के मैदानों पर उत्साहपूर्ण माहौल में खेले गए. सभी टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया. रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे. एन.एम. ग्राउंड, ऑटोमोटिव चौक पर पहले सेमीफाइनल में संघर्ष नगर ने पवन नगर की टीम को एकतरफा मुकाबले में 3 – 0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. दूसरे सेमीफाइनल में टीपू सुल्तान चौक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गरीब नवाज नगर को 4 -1 से पराजित किया. इसके बाद टीपू सुल्तान चौक और संघर्ष नगर के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया. फाइनल में टीपू सुल्तान चौक के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए संघर्ष नगर को 3-1 से हराया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. टीपू सुल्तान चौक की ओर से उमर अंसारी, सुफ़ियान आलम और जीशान शेख ने 1-1 गोले किये. संघर्ष नगर की टीम उपविजेता रही.
विजेता टीम को नगरसेवकद्वय अहिंग खान और आशिफ शेख, नसीम अख्तर, कलीम अंसारी और शेरा भाई के हाथों ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. एनएम ग्राउंड, ऑटोमोटिव चौक पर प्रतियोगिता को सफल बनाने में अनस का महत्वपूर्ण योगदान रहा. वहीं एनएमसी ग्राउंड, वाठोडा, पारडी में खेले गए पहले सेमीफाइनल में अबू मियां नगर ने पारडी की टीम को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. दूसरे सेमीफाइनल में सर्वोदय नगर और पवन शक्ति नगर के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला. इसमें सर्वोदय नगर ने 3 – 2 से रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल अबू मियां नगर और सर्वोदय नगर के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने मजबूत रक्षण और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. कड़े संघर्ष के बाद सर्वोदय नगर ने 1 – 0 से मुकाबला जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली. सर्वोदय नगर की ओर से अथर्व शिंदे ने मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल दागा. अबू मियां नगर को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा. एनएमसी ग्राउंड, वाठोडा, पारडी में प्रतियोगिता को सफल बनाने में सूरज बिल्लौरें का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
इस प्रकार टीपू सुल्तान चौक और सर्वोदय नगर की टीम ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की. विजेता टीम को शुभम मोटघरे, पंकज शेडके, आबिद अली, प्रशांत डाले, फैजान खान के हाथों ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. एनआईटी ग्राउंड पर प्रतियोगिता को सफल बनाने में सुश्रुत माहेश्वर और शहरयार अली का महत्वपूर्ण योगदान रहा.











