प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत लगी लॉटरी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। नागपुर शहर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत बड़ी पहल की गई है। नारा-नारी क्षेत्र में बनने वाले 518 किफायती आवासों के लिए गुरुवार को कंप्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गई। कविर्र्य सुरेश भट सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे। कुल 1,919 लोगों ने आवास के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 518 लाभार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया।
शहर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिकों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नारा-नारी क्षेत्र में बनाए जा रहे 518 आवासों की कंप्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गई। कविर्र्य सुरेश भट सभागृह में महापौर श्रीमती नीता ठाकरे सहित अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की गई। इस आवास परियोजना के लिए कुल 1,919
आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें 210 एक बीएच्के और 308 दो बीएच्के, कुल 518 आवास शामिल हैं। एक बीएच्के आवास की कीमत 15 लाख रुपये, जबकि दो बीएच्के आवास की कीमत 21 लाख रुपये निर्धारित की गई है। पात्र लाभार्थियों को ढाई लाख रुपये तक का अनुदान भी
दिया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया में दिव्यांग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित वर्गों के लिए निर्धारित आरक्षण के अनुसार आवेदकों को शामिल किया गया। सभी आवेदकों का डेटा कंप्यूटर में दर्ज करने के बाद रैंडम तरीके से कंप्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गई। लॉटरी में चयनित लाभार्थियों को
तत्काल एसएमएस के माध्यम से सूचना दी गई। साथ ही चयनित लाभार्थियों के नाम कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए गए। चयनित कुछ लाभार्थियों का महापौर नीता ठाकरे और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने तुलसी का पौधा देकर सम्मान भी किया।
महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सभी के लिए घर’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों का इस लॉटरी में चयन नहीं हुआ है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। पुनापुर और हुडकेश्वर क्षेत्र में भी इसी तरह आवास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।











