जन्मदिन का जश्न बना खूनी खेल, दोस्त भी घायल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। जरीपटका थाना क्षेत्र में जन्मदिन का सेलिब्रेशन देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद में 18 वर्षीय युवक की चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं, बीच-बचाव करने आया उसका दोस्त भी हमले में घायल हो गया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना जरीपटका थाना क्षेत्र के कुशीनगर स्थित एनआईटी गार्डन के पास की है। पुलिस के मुताबिक, बीती रात करीब साढ़े 12 बजे राज इलमकार का बर्थडे था और वह अपने दोस्तों के साथ केक काटने के बाद बातचीत कर रहे थे। इसी बीच राजवीर सोहनकुमार शर्मा अपने २ दोस्तों के साथ बाइक पर वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। हालांकि तब मामला शांत हो गया और सभी अपने घर चले गए। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद राजवीर अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान राज इलमकर, रोहित इलमकर और हनी डोंगरे ने कथित तौर पर राजवीर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसका दोस्त नयन सोनबरसे बीच-बचाव करने पहुंचा तो उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए विम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजवीर शर्मा को मृत घोषित कर दिया। नयन का उपचार जारी है। जरीपटका पुलिस ने मृतक की मां शालू शर्मा की शिकायत पर राज इलमकर, रोहित इलमकर और हनी डोंगरे सहित अन्य के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। जन्मदिन के जश्न से शुरू हुई यह घटना हत्या में बदल गई। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।












