सुरक्षाकर्मियों से भिड़े, तीन गिरफ्तार
मुंबई। महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री और छत्रपति संभाजीनगर के पालकमंत्री संजय शिरसाट के आवास के बाहर गुरुवार देर रात हंगामे और हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। गोलवाड़ी इलाके में तीन नशे में धुत युवकों ने कथित तौर पर शराब की बोतलें तोड़ीं और सुरक्षाकर्मियों से विवाद के बाद उन्हें मंत्री के बंगले की ओर फेंक दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया देर रात तक चल रही थी।
मंत्री संजय शिरसाट ने आधी रात के करीब एक वीडियो जारी कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच तीन युवक उनके बंगले के पास हंगामा कर रहे थे। तीनों नशे में थे। सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने घर की ओर बोतलें फेंक दीं। मंत्री के मुताबिक, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। शुरुआत में तीनों युवक अपने वाहन से गिर गए थे और वहां से चले गए थे। हालांकि, कुछ देर बाद वे वापस मुख्य गेट पर पहुंच गए। जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश तो आरोपियों ने कथित तौर पर धौस दिखाते हुए कहा कि उनकी जेब में कई ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की भी परवाह नहीं की।
पुलिस कमिश्नर का फोन बंद होने पर जताई नाराजगी
मंत्री संजय शिरसाट ने कहा, रात लगभग साढ़े दस से पौने ग्यारह बजे के बीच तीन युवक मेरे बंगले के सामने आए। वे नशे की हालत में थे, ऐसा कुल मिलाकर दिखाई दे रहा था। उन्होंने बोतलें फोड़ीं। मेरे जो यहां गार्ड्स थे, उनसे ‘काई ओएसडी मेरी जेब में हैं’, इस तरह का बयान देकर घर की ओर आकर हमला करने का प्रयास किया। इस बारे में मुझे कोई आपत्ति नहीं है। हो सकता है कि किसी समय वे नशे में हों, उन्हें किसी ने कुछ कहा हो, वह अलग बात है।
पुलिस कमिश्नर के तबादले की मांग
शिरसाट ने आरोप लगाया कि शहर में दिनदहाड़े हत्याओं और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर का तत्काल तबादला करने की मांग की। उनका कहना है कि अधिकारी का कार्यकाल पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा, मुट्ठी छोड़िए, अगर पालकमंत्री के घर पर इस तरह हमला हो रहा है तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा? मंत्री ने यह भी कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने पुलिस प्रशासन की शिकायत औपचारिक रूप से दर्ज कराएंगे।
















