मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर हलचल लगातार बढ़ रही है। एनसीपी में बैठकों का दौर जारी है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को महाराष्ट्र के पुणे जिले के दौरे ने इस मुद्दे को और गर्मा दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनके गुट और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक साथ आने की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। इस बीच पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के कार्यालय से एनसीपी विधायकों को फोन किए जाने और अब उनके बेटे पार्थ पवार की ओर से पुणे में विधायकों के साथ अचानक बैठक किए जाने से सियासी चर्चाओं को और हवा मिल गई है। शुक्रवार को पुणे के जिजाई बंगले पर हुई इस बैठक में सुनेत्रा पवार भी मौजूद रहीं। बैठक में पुणे जिले के सात विधायकों और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। बैठक को लेकर शुरुआत में यह चर्चा थी कि पार्थ पवार ने विधायकों को विलय के मुद्दे पर उनकी राय जानने के लिए बुलाया है। (पेज 6 पर)
अमित शाह दो दिन के लिए जाएंगे पुणे
एनसीपी के दोनों गुटों के विलय या फिर से एकजुट होने की चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को महाराष्ट्र के पुणे जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। उनके दौरे को महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अमित शाह 15 नवंबर को तालेगांव दाभाड़े में सहकारी आधार पर संचालित होने वाली एक औद्योगिक इकाई का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह मुंदवे स्थित भारत फोर्ज की इकाई का दौरा करेंगे। रविवार रात वह पुणे में ही रुकेंगे। इस दौरान भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात होने की संभावना है। 16 नवंबर को अमित शाह पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष रहे अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम में एनसीपी के विधायक, मंत्री, सांसद और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
दिल्ली में सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल के बीच हुई बैठक
दिल्ली में शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की नेता और सांसद सुप्रिया सुले तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब 35 मिनट तक चर्चा हुई। वहीं, दूसरी ओर सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के बीच भी बैठक होने की जानकारी सूत्रों से मिली है। इसके बाद सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल की भी मुलाकात हुई। ऐसे में इन बैठकों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

















