बेटा गंभीर रूप से घायल, आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। सावनेर-पारशिवनी मार्ग पर एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चला रहे 43 वर्षीय व्यक्ति की सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उनका 19 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बुधवार की रात करीब 8:30 बजे सावली परिसर स्थित डाखोरे के खेत के सामने हाईवे पर हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरला (वार्ड क्र. 3, तहसील पारशिवनी) निवासी अमित हगरूलाल चौधरी (43) अपने बेटे संगम अमित चौधरी (19) के साथ स्पलेंडर बाइक क्र. एमएच 40 बीएएन 8656 से जा रहे थे। इसी दौरान सावनेर से पारशिवनी की ओर आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित सफेद रंग की कार क्र. एमएच 40 सीएम 0974 के चालक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अमित चौधरी के सिर में गंभीर चोट आई और अधिक रक्त स्राव होने से उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पुत्र संगम के सिर, कमर, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद कार चालक मदद करने के बजाय वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता हगरूलाल बुद्धूलाल चौधरी (65) की शिकायत पर पारशिवनी पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1), 125(ख) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 134, 177 के तहत अपराध क्र. 540/2026 दर्ज कर लिया है। पुलिस उपनिरीक्षक पांडे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।











