कई मकान जमींदोज, घायलों को चारपाई पर लेकर भागे लोग, मृतकों में दो मासूम बच्चे शामिल
लोकवाहिनी, संवाददाता
कौशांबी। प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुए इस धमाके में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग झुलसकर घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई और आसपास के करीब आठ मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें तीन मकान पूरी तरह ढह गए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। धुएं का गुबार कई मीटर तक फैल गया और लगातार हो रहे धमाकों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घायलों को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में चारपाई और अन्य साधनों से निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। घटनास्थल का मंजर इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग अपनों की तलाश में मलबे के बीच भटकते नजर आए।












