नागपुर। कोराडी स्थित 660 मेगावाट विद्युत केंद्र में ओवरहॉलिंग कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 61 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। बॉयलर विभाग में काम के दौरान अचानक लोहे का भारी रैक गिरने से श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए नागपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मारुति मेश्राम (61), निवासी महारकुडा, अर्जुनी मोरगांव, जिला गोंदिया के रूप में हुई है। हादसा कोराडी थर्मल पावर स्टेशन के 660 मेगावाट यूनिट क्रमांक 10 में ओवरहॉलिंग कार्य के दौरान हुआ। बताया जाता है कि यूनिट में ओवरहॉलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान बॉयलर विभाग में कॉइल निकालने का कार्य किया जा रहा था।
काम के दौरान अचानक लोहे का रैक गिर गया और इसकी चपेट में आने से मारुति मेश्राम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। इस हादसे से मेश्राम के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके पीछे दो बेटे हैं। बताया गया कि उनका पुत्र संदीप भी उनके साथ कार्यरत था। पिता की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। कोराडी बिजलीघर जैसे संवेदनशील औद्योगिक परिसर में ओवरहॉलिंग के दौरान हुए इस हादसे ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











