अपराध : प्रॉपर्टी और पैसों के लेन-देन को लेकर हुई वारदात
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। बेलतरोड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के घोटाल पांजरी इलाके में पैसों और प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। पुराने आर्थिक लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कथित तौर पर बंदूक से फायरिंग की गई। इस घटना में कार्तिक उर्फ शुभम धार्मिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद नागपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चारपहिया वाहन भी बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 सितंबर की रात करीब 11.50 बजे श्री स्वामी समर्थ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सामने घोटाल पांजरी रोड पर हुई। घटना की जानकारी पुलिस को 11 सितंबर की रात करीब 12.35 बजे मिली। फरियादी शैलेश हिरामनजी गुल्हाने के अनुसार, रात करीब 11.04 बजे उनके मित्र कार्तिक का फोन आया। कार्तिक ने बताया कि मानेवाड़ा रोड स्थित आरती वाइन शॉप के पास उसका सुनील बानाईट और चंद्रमणि नगराले के साथ विवाद हुआ है। इसके बाद वह अपने परिचितों के साथ कार्तिक के कार्यालय की ओर रवाना हुए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कार्तिक के साथ वे सुनील बानाईट के घोटाल पांजरी स्थित घर के पास पहुंचे। वहां कार्तिक ने सुनील को फोन कर बुलाया। बातचीत के दौरान प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद और पैसों के लेन-देन का मामला सामने आया। बताया गया कि कार्तिक के मित्र रिद्धु चोले से संबंधित रकम को लेकर सुनील और कार्तिक के बीच विवाद चल रहा था। बातचीत के दौरान कार्तिक ने सुनील से चंद्रमणि नगराले को भी बुलाने के लिए कहा। इसके बाद सुनील ने फोन कर चंद्रमणि को वहां बुलाया। कुछ समय बाद चंद्रमणि नगराले, सुलभ दिवेकर, निलेश टेंभुर्णे, आनंद ठाकुर और आकाश यादव डस्टर कार से वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पक्ष के पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया।
इसी दौरान आनंद ठाकुर ने कथित तौर पर वाहन कार्तिक और शिकायतकर्ता की ओर बढ़ाया। दोनों ने किसी तरह खुद को बचाया। इसके बाद आरोपी वाहन से नीचे उतरे। आरोप है कि आनंद ठाकुर ने अपने पास मौजूद बंदूक निकाल ली। खतरा देखते हुए कार्तिक और शिकायतकर्ता अपनी कार की ओर जाने लगे, तभी फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग में कार्तिक को दो गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल कार्तिक को उसके साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की सात अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इनमें क्राइम ब्रांच यूनिट-4, यूनिट-2, यूनिट-5, भूमाफिया पथक, पुलिस आयुक्त का विशेष पथक, साइबर क्राइम से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। बेलतरोड़ी, अजनी और हुड़केश्वर पुलिस की टीमों ने भी आरोपियों की तलाश में सहयोग किया।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा सीसीओसीसी कैमरों की मदद से आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान एआई तकनीक की सहायता से प्राप्त फुटेज और आरोपियों के घरों से मिले मोबाइल संबंधित तकनीकी जानकारी का भी विश्लेषण किया गया। साइबर टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों के सीडीआर और लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण कर पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ आरोपी बुटीबोरी की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद बुटीबोरी पुलिस को नाकाबंदी के निर्देश दिए गए। नाकाबंदी के दौरान तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया गया। दो आरोपियों को अजनी क्षेत्र से वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन के साथ पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी को घोटाल पांजरी परिसर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मामले में सुनील पांडुरंग बानाईट (48), आनंद सुरेश ठाकुर (30), चंद्रमणि डोमाजी नगराले (55), शुभम संजय दिवेकर (29), निलेश नरेश टेंभुर्णे (26) और धर्मेंद्र उर्फ सोनू ठाकुर को गिरफ्तार किया है। वहीं आकाश यादव को वांछित आरोपी बताया गया है। आरोपियों के कब्जे से मारुति सुजुकी ब्रेजा क्रमांक MH-40/CA-5320 और रेनॉलट डस्टर क्रमांक MH-49/AE-6232 बरामद की गईं। बेलतरोड़ी पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 189(1), 190, 191(2), 191(3) तथा भारतीय शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, घटना की पूरी पृष्ठभूमि और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मामला पैसों और प्रॉपर्टी से जुड़े पुराने विवाद से सामने आया है। पुलिस फरार आरोपी आकाश यादव की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











