स्व. भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर में डायलिसिस सुविधा का विस्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। कमल चौक स्थित स्वर्गीय भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर में गरीबों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मरीजों की सेवा के लिए समर्पित डायलिसिस सुविधा का विस्तार किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, श्रीमती कंचन गडकरी और प्रसिद्ध अस्थि शल्य चिकित्सक डॉ. संजीव चौधरी ने इस सुविधा का उद्घाटन किया। कमल चौक स्थित इस केंद्र में पहले पांच मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा थी। अब इस सुविधा का विस्तार कर दस मरीजों के लिए इसे उपलब्ध कराया गया है। गडकरी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पांच नई डायलिसिस मशीनों की उपलब्धता से अधिकतम मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा।
गौरतलब है कि महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत आने वाले मरीजों को यह सुविधा जल्द ही निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। डायलिसिस के साथ-साथ यहां एमआरआई, सीटी स्कैन, ईसीजी, मल-मूत्र परीक्षण, ईईजी, एक्स-रे, सोनोग्राफी, इको और स्ट्रेस टेस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। पिछले साल जुलाई में शुरू हुए इस केंद्र से हजारों मरीजों ने बेहद कम कीमत पर सभी सुविधाओं का लाभ उठाया है। कार्यक्रम में सारंग गडकरी, विधायक डॉ. राजीव पोतदार, डॉ. खापर्डे, प्रभाकरराव येवले, अविनाश घुशे, अतुल मंडलेकर, प्रकाश टेकाड़े, संजय टेकाड़े, हेमंत गडकरी, मनीष केडिया, दर्शन पांडे, डॉ. रोहित बागे, डॉ. आस्था खेमका, डॉ. श्रीरंग वराडपांडे, मोहिनी खापर्डे, ओमप्रकाश इंगले, दिनेश इल्मे, डॉ. अभिजीत धवले, डॉ. वैभव बिसने, डॉ. तसलीम, वसीम, स्नेहल गुल्हाने, सूरज पांडे, राम लाभे उपस्थित थे।












