सुरक्षा अधिकारी से भी भिड़े, तीन बंदियों पर मामला दर्ज
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। धंतोली स्थित मध्यवर्ती कारागृह में विचाराधीन बंदियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक बंदी के सिर पर मुक्कों और प्लास्टिक की बाल्टी से हमला किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान बीच-बचाय करने पहुंचे सुरक्षा अधिकारी को भी रोकने की कोशिश किए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह जेल की बैरक नंबर 7 और 8 के बीच न्यायाधीन बंदी दुर्गेश उर्फ लिटिल प्रमोद गुप्ता और अश्विन उर्फ अच्छी मुकुंद इंदुरकर का बंदी विजय खड़गांवले के साथ किसी अज्ञात कारण को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसके सिर पर हाथ-मुक्कों के साथ प्लास्टिक की बाल्टी से भी वार किया गया। मारपीट की जानकारी मिलने पर सुरक्षा अधिकारी निमजे मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी सुरेंद्र उर्फ मोनू मनोज समुद्रे ने सुरक्षा अधिकारी को उनके कानूनी कर्तव्य से रोकने के लिए उन पर झपटने की कोशिश की। घटना में घायल बंदी विजय का जेल परिसर स्थित अस्पताल में उपचार कराया गया। धंतोली पुलिस ने दुर्गेश, अश्विन और सुरेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज
नागपुर। सोनेगांव थाना क्षेत्र में यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गलत दिशा से कार चलाकर आ रहे चालक को रोकने पर उसने पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए गाली-गलौज की। यह घटना 5 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पुलिसकर्मी शंकर मुसले अपनी टीम के साथ सोनेगांव थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान मनीश्वर अंडरपास की ओर से एक कार गलत दिशा में आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने चालक को रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने वाहन नहीं रोका और पुलिसकर्मियों की ओर ही कार बढ़ा दी।














