ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं का विरोध
लोकवाहिनी संवाददाता
बुलढाणा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत गुरुवार को बुलढाणा में भी प्रदर्शन किया गया। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के पास प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग की विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर 8 अक्टूबर को कांग्रेस ने राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर आंदोलन का आह्वान किया था।
बुलढाणा में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ता रोके आंदोलन किया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इसके अलावा दिल्ली में विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। दिल्ली पुलिस की ओर से कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया के तहत बताया गया है, जबकि कांग्रेस ने इसे अनुचित कार्रवाई करार दिया है।
कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस ने आंदोलनकारियों को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प होने की जानकारी सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित कुछ कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। सपकाल को बुलढाणा शहर पुलिस थाने ले जाया गया। इस बीच, सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस तथा विपक्षी दलों का विरोध देश के विभिन्न हिस्सों में जारी है। चुनाव आयोग और भाजपा ने मतदाता सूची को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।














