सभी आरोपी कोटा से पकड़े गए, एक बिहार, 2 हरियाणा के, कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुंबई पुलिस के डीसीपी ने बताया कि, जिस तरह से गोलियां चलाई गई आरोपी हत्या के प्लान से ही आए थे। उधर टाइगर की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावर 15 घंटे में राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए। टाइगर पर रविवार देर रात 7 बजे हमला किया गया था। आरोपी जयपुर, दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने सुबह 10:30 बजे रेलवे स्टेशन से पकड़ा। कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। जनरल कोच में हिरासत में लिया गया। इनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
अपराध शाखा करेगी जांच
मुंबई पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जुहू पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज किया था, लेकिन अपराध की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा मुंबई अपराध शाखा को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने हमला करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। अनिल ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली। (पेज 6 पर)
किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा : फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में राजस्थान में तीन लोगों को पकड़ा गया है। मुंबई पुलिस की सराहना करते हुए फडणवीस ने कहा, पुलिस ने बहुत तेजी से कार्रवाई की है। जैसा कि मैंने सुबह कहा था, मुंबई पुलिस इस घटना की जड़ तक पहुंचे तक रुकेगी नहीं। उन्होंने कहा कि गोलीबारी के मकसद का पता लगाने और अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, इसमें शामिल हर व्यक्ति का पता लगाया जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।














