सऊद्दी के एयरपोर्ट, तेल ठिकाने को विद्रोहियों ने बनाया निशाना, 10 घायल
रियाद। सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर बुधवार देर रात हुए हूति विद्रोहियों के हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सऊदी अरब में एक एयरपोर्ट और एक तेल ठिकाने पर हुए हमलों में कुल 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 10 लोग घायल हुए हैं। इसमें 3 भारतीय भी शामिल हैं. दम्माम शहर के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की मौत हुई। यहीं दो भारतीयों समेत 8 लोग घायल हुए। वहीं, अरामको के तेल ठिकाने पर ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की जान गई। यहां एक भारतीय समेत 2 लोग घायल हुए.
दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है. उसने कहा, मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज हो गए हैं.
हमले अस्वीकार्य : भारत
सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे और सायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले की भारत ने निंदा की है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम एक बार फिर दोहराते हैं कि आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए. एमईए ने कहा, हम सऊदी अरब में आम नागरिकों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं.













