वेलिंगटन। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की ‘विश्वस्तरीय बल्लेबाजी’ की सराहना की लेकिन साथ ही उम्मीद जताई कि उनकी टीम पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के बाकी बचे दो मुकाबलों में वापसी करेगी।
अभिषेक के 38 गेंद में 113 रन की बदौलत भारत ने मंगलवार को यहां तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर श्रृंखला में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली। मिचेल ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘यह बेहद खास पारी थी। उनकी कुछ हिटिंग विश्वस्तरीय थी और यही वजह है कि वह अपने काम में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।’ उन्होंने कहा, ‘आप उनकी तारीफ ही कर सकते हैं और कह सकते हैं कि उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। निश्चित रूप से यह उनका दिन था और मुझे यकीन है कि लोग इस पारी को लंबे समय तक याद रखेंगे।’
हालांकि मिचेल ने उम्मीद जताई कि न्यूजीलैंड की टीम चौथे और पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वापसी करेगी। उन्होंने कहा, ‘श्रृंखला हमारे हाथ से निकल गई है लेकिन न्यूजीलैंड के लिए अभी दो मैच बाकी हैं। इसलिए हमारे पास खेलने के लिए काफी कुछ है। ब्लैक कैप्स (राष्ट्रीय टीम) के लिए खेलना हमेशा बेहद खास होता है। बचपन में आप सपना देखते हैं कि एक दिन तीनों प्रारूपों में अपने देश के लिए खेलते हुए यहां तक पहुंचेंगे।’
मिचेल ने कहा, ‘करीब 48 से 72 घंटे बाद ईडन पार्क (चौथे टी20 का आयोजन स्थल) में लगभग खचाखच स्टेडियम में होना बेहद खास होगा। हम इसके लिए उत्साहित हैं और मुकाबला काफी मजेदार रहने की उम्मीद है।’ मिचेल ने श्रृंखला के अहम मौकों पर न्यूजीलैंड की टीम से हुई कुछ छोटी गलतियों पर भी निराशा जताई।














