महाविकास आघाडी 3 और महायुति 2 सीटों पर आगे
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद के दो शिक्षक और तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई। इन पाँचों सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इसके बाद मंगलवार को सभी पाँचों सीटों पर मतगणना हुई। विधान परिषद चुनाव में महाविकास आघाडी और महायुति में कांटे की टक्कर हुई। मतगणना के दौरान कभी महायुति के तो कभी महाविकास आघाडी के उम्मीदवार आगे चल रहे थे। सभी जगहों पर डाक मतों की गिनती के बाद आगे की मतगणना देर रात तक जारी रही। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना से सामने आए आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के सुधाकर कोहले और अभिजीत वंजारी के बीच कांटे की टक्कर देखने मिली, वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले तीसरे स्थान पर थे। वहीं राज्य में 5 सीटों में महाविकास आघाडी 3 और महायुति 2 सीटों पर आगे चल रही थी। पुणे जिले में शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना हुई। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में महायुति के घटक दलों के बीच सीट को लेकर काफी खींचतान देखने को मिली थी।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने इस सीट पर दावा किया था, जबकि भाजपा भी आखिरी समय तक इस सीट पर चुनाव लड़ने की मांग पर अड़ी रही। परिणामस्वरूप वहां महायुति के सहयोगी दलों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबला हुआ। इस सीट पर भाजपा की ओर से कौस्तुभ गावड़े भारी मतों से आगे चल रहे थे। वहीं, शिवसेना के शिंदे गुट समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सचिन सानप ने भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े और कांग्रेस उम्मीदवार जयंत आसगांवकर को चुनौती दी थी। सामने आए आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के कौस्तुभ गावड़े बढ़त बनाए हुए थे। वहीं पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा की ओर से उच्च शिक्षित स्मिता वाघ उम्मीदवार हैं। वह महायुति की आधिकारिक उम्मीदवार हैं। वहीं, महाविकास आघाडी की ओर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट ने हर्षदा देशमुख-जाधव को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, ठाकरे गुट के सुनील मोदी ने भी अपनी किस्मत आजमाई है। हालांकि, अब तक सामने आई शुरुआती मतगणना में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव बढ़त बनाए हुए थीं। लेकिन इसे अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता, क्योंकि मतगणना बाकी थी।
छत्रपति संभाजीनगर संभाग के मराठवाड़ा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहली दौर की मतगणना में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता सतीश चव्हाण पीछे चल रहे थे, जबकि शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतापसिंह पाटिल आगे थे।
28 विधान परिषद सीटों में 16 पर एनडीए आगे; यूपी की 3 सीटों पर सपा
उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। शाम करीब 8 बजे तक की खबरों के हिसाब से भाजपा और उसके साथी दल (जदयू, शिंदे सेना, अजित पवार की एनसीपी, जोएस) मिलाकर करीब 10 सीटों पर आगे हैं, समाजवादी पार्टी 3 सीटों पर आगे है और जन सुराज 1 सीट पर। 4 सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे थे और 4 सीटों पर कोई रुझान नहीं आया था। राज्यवार देखें तो उत्तर प्रदेश की 11 में से भाजपा 6, सपा 3 और निर्दलीय 1 पर आगे है, और 1 सीट का रुझान नहीं आया। बिहार की 8 में से भाजपा 4, जदयू 1, जन सुराज 1 और निर्दलीय 2 पर आगे थे। महाराष्ट्र की 5 में से सत्ताधारी गठबंधन 3 पर और निर्दलीय 1 पर आगे है, जबकि 1 सीट का रुझान नहीं आया। कर्नाटक की 4 में से भाजपा और जेडीएस 1-1 सीट पर आगे थे, बाकी 2 का रुझान नहीं आया।












