एकनाथ शिंदे समेत कई नेताओं ने की मुलाकात, मुख्यमंत्री ने फोन पर जाना हालचाल
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की तबीयत राज्य के सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे के दौरान बिगड़ गई थी। उन्हें खांसी और कमजोरी महसूस होने के कारण पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिनों तक इलाज चलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद आगे की जांच के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया। शरद पवार से मुलाकात करने के लिए अब कई नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में शिवसेना के प्रमुख नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उनसे मिलने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ सचिन अहीर और मिलिंद देवरा भी शरद पवार से मुलाकात करने अस्पताल पहुंचे। शरद पवार की तबीयत का हालचाल जानने के लिए शिंदे अस्पताल पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, एकनाथ शिंदे का यह दौरा पहले से निर्धारित नहीं था। आज के निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भी शरद पवार से मुलाकात करने की संभावना जताई गई। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सांसद सुप्रिया सुले को फोन किया और शरद पवार की तबीयत के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। शरद पवार से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने अभी-अभी पवार साहब से मुलाकात की है। उनकी तबीयत अच्छी है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। कल साहब को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। पवार साहब एक बड़े नेता हैं। मुलाकात के दौरान राज्य में सूखे की स्थिति और उससे निपटने के उपायों पर भी चर्चा हुई। मैंने उनसे कहा कि अस्पताल से छुट्टी लेने में जल्दबाजी न करें और कुछ दिन आराम करें। डॉक्टरों ने भी बताया है कि उनकी तबीयत अच्छी है।















