पंढरपुर तालुका के आंबे गांव में पसरा मातम
लोकवाहिनी, संवाददाता
सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर तालुका स्थित आंबे गांव में कुएं की खुदाई के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। कुएं की मेड़ अचानक ढहने से उसके नीचे दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना से आंबे गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मृतक मजदूरों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, आंबे गांव के किसान निवास शिंदे के खेत में नए कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। इस दौरान कुछ मजदूर कुएं के अंदर उतरकर काम कर रहे थे।
तभी अचानक कुएं की मेड़ ढह गई और अंदर काम कर रहे मजदूर मिट्टी के मलबे में दब गए। हादसा अचानक होने के कारण मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, बड़ी मात्रा में मिट्टी ढहने के कारण मजदूरों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलें आईं। इस हादसे में मंगेश मोरे, सिद्धेश्वर घाडगे, तानाजी घोडके और आबा घोडके नामक चार मजदूरों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया है। राहत एवं बचाव कार्य में सहायता के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। कुएं का काम करते समय हुए इस भीषण हादसे से पूरा इलाका स्तब्ध है। चार मजदूरों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं आंबे गांव में शोक का माहौल है।















