नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की पहल, डॉ. पिनाक दंडे बने हेल्थ मेंटर
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। पत्रकारिता का पेशा लगातार भागदौड़, तनाव और अनिश्चितताओं से भरा होता है। समाचारों के पीछे दौड़ते हुए पत्रकार अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में पत्रकारों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार बेहद जरूरी है। प्रत्येक पत्रकार को अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। यह विचार महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और भारतीय विद्या भवन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष तथा वरिष्ठ संपादक-पत्रकार बनवारीलाल पुरोहित ने व्यक्त किए।
वे रविवार को शिवालिनगर स्थित शिवालानी सभागृह में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस शिविर का आयोजन नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, विदर्भ प्रांत, डॉ. दंडे फाउंडेशन और भानुताई गडकरी ट्रस्ट की ओर से शासकीय दंत महाविद्यालय के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध उद्यमी निखिल मुंडले, नगरसेविका धनश्री देशपांडे, डॉ. दंडे फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. पिनाक दंडे, वरिष्ठ पत्रकार विनोद देशमुख और नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, विदर्भ प्रांत के अध्यक्ष अविनाश पाठक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
बनवारीलाल पुरोहित ने ‘प्रिवेंशन इज बेटर दैन क्योर’ यानी इलाज से बेहतर बचाव के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों को अपने काम के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अनिियमित दिनचर्या और काम के दबाव के कारण कई बार वे अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पाते। बीमारी होने पर उपचार का खर्च उठाना भी उनके लिए मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि यदि चिकित्सक समुदाय पत्रकारों की सहायता के लिए आगे आए तो उनको स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान आसान हो सकता है। उन्होंने डॉ. पिनाक दंडे और उनकी टीम की पहल की सराहना करते हुए पत्रकारों से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। पुरोहित ने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हुए कहा कि व्यक्ति को जरूरत से थोड़ा कम भोजन करना चाहिए, दोगुना चलना चाहिए, तीन गुना हंसना चाहिए और सभी से दिल खोलकर प्रेम करना चाहिए। इससे जीवन में स्वास्थ्य और सकारात्मकता बनी रहती है।
पत्रकारों के लिए नियमित स्वास्थ्य मार्गदर्शन करेंगे : डॉ. दंडे
डॉ. दंडे फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. पिनाक दंडे ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में काम करते हुए उनका पत्रकारों से विभिन्न कारणों से संपर्क होता रहा है। बातचीत के दौरान उन्हें पत्रकारों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी मिली। इसी अनुभव से पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए एक व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की योजना सामने आई। उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर के बाद भी नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के माध्यम से आने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। उन्हें नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. दंडे ने कहा कि पत्रकारों को रियायती दरों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा पत्रकारों का स्वास्थ्य बीमा उचित तरीके से कराया जाए, इसके लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस पहल के माध्यम से पत्रकारों को केवल एक दिन की स्वास्थ्य जांच तक सीमित न रखते हुए दीर्घकालीन स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। पत्रकारों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए शुरू की गई इस पहल में डॉ. पिनाक दंडे को हेल्थ मेंटर का दायित्व सौंपा गया है। उनके मार्गदर्शन में पत्रकारों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह, नियमित जांच तथा रियायती चिकित्सा सेवाओं का लाभ दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, विदर्भ के अध्यक्ष अविनाश पाठक ने अपने प्रास्ताविक भाषण में शिविर की संकल्पना स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर संगठन लंबे समय से चिंतित था। डॉ. पिनाक दंडे ने इस दिशा में सहयोग का हाथ बढ़ाया, जिससे इस पहल को वास्तविक रूप देना संभव हुआ। उन्होंने संगठन की ओर से आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।
महिला स्वास्थ्य से लेकर आंख, कान और दांत जांच की सुविधा
स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञों ने पत्रकारों और उनके परिवारों की जांच की। महिला स्वास्थ्य विभाग में डॉ. सोमा दंडे और डॉ. अनुभा दंडे ने सेवाएं दीं, जबकि जनरल फिजिशियन विभाग में डॉ. सुशांत मुले ने मरीजों की जांच की। भानुताई गडकरी ट्रस्ट की ओर से डॉ. श्रीरंग वराडपांडे के नेतृत्व में नेत्र और कान जांच की व्यवस्था की गई। इस विभाग में नितिन कुलकर्णी और विलास सफकल ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ. सुरेंद्र शनिसारे और डॉ. तजिंदर कटरे ने ईसीजी विभाग की जिम्मेदारी संभाली। शासकीय दंत महाविद्यालय की टीम ने दंत चिकित्सा एवं दांतों की जांच की।















