706 ग्राम जेवर गायब
नागपुर। शहर में विश्वासघात और आर्थिक धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। सराफा कारोबारी की दुकान में पिछले 15 वर्षों से मैनेजर के पद पर काम कर रहे कर्मचारी ने कथित तौर पर मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर 91 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषणों का गबन कर लिया। आरोपी ने अलग-अलग समय पर कुल 706 ग्राम 820 मिलीग्राम सोने के आभूषण बिना जानकारी दिए निकाल लिए। शिकायत के आधार पर पांचपावली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी सुरेंद्र फतेहचंद कोठारी (47), निवासी कच्ची वीणा भवन के पास, लकड़गंज, नागपुर, सराफा कारोबारी हैं। पांचपावली पुलिस थाना क्षेत्र में इंदिरा चौक स्थित उनकी गुरुदेव ज्वेलर्स नामक दुकान है। इस दुकान में तरुण मोहनलाल नाहटा (42), निवासी ओजस-2 अपार्टमेंट, नागपुर, पिछले 15 वर्षों से मैनेजर के रूप में काम कर रहा था।
लंबे समय से दुकान में काम करने के कारण मालिक ने उस पर भरोसा जताया था। आरोप है कि आरोपी मैनेजर ने मालिक के इसी विश्वास का फायदा उठाया। 31 मार्च 2026 से 11 नवंबर 2026 के बीच उसने शिकायतकर्ता को बिना किसी जानकारी या अनुमति के अलग-अलग समय पर सोने के विभिन्न आभूषण निकाल लिए।















